⚡ ब्रेकिंग News

गयाजी में मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस, हुड़दंगियों पर ड्रोन से नज़र और डीजे पर पूर्ण पाबंदी।






संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।




ATH NEWS 11 GROUP :-गयाजी जिले में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। समाहरणालय सभाकक्ष में जनपद पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति के सदस्यों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामनवमी और बकरीद की तरह ही मुहर्रम में भी पुख्ता सुरक्षा और विधि-व्यवस्था संधारित रखने का संकल्प दोहराया गया।


​निर्धारित रूट से ही निकलेंगे जुलूस, डीजे पर पूरी तरह रोक--

​जिला पदाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण से जुड़े दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

​रूट वेरिफिकेशन: -सभी थानों द्वारा जुलूस के रूट सत्यापित कर लिए गए हैं। किसी भी परिस्थिति में नए रूट की अनुमति नहीं दी जाएगी।

​ अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे पूर्व में संवेदनशील रहे स्थलों का खुद दौरा कर वर्तमान स्थिति का आकलन करें।

​ शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई है कि वे ताजिया की ऊँचाई का पहले ही आकलन कर लें, ताकि रास्ते में बिजली के तारों से कोई दुर्घटना न हो।

सोशल मीडिया पर पैनी नजर--

​वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों से पुलिस कड़ाई से निपटेगी। संदिग्धों पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन, सीसीटीवी और वॉच टावर का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई क्षेत्रों में धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

इस वर्ष केवल पूर्व के लाइसेंस धारियों को ही लाइसेंस निर्गत किए जा रहे हैं। बिना लाइसेंस के एक भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।

​सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों पर आईटी सेल की पैनी नजर रहेगी।

​सभी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग कर रहे हैं।

​प्रशासनिक मुस्तैदी और बुनियादी सुविधाएँ--

​जुलूस और त्योहार के दौरान आम जनता को कोई परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों को कड़े निर्देश दिए गए हैं

​नगर निगम व बिजली विभाग नगर आयुक्त को कर्बला मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग के कनीय अभियंताओं (JE) को मुख्य स्थानों पर तैनात रहने और ढीले तारों को दुरुस्त करने को कहा गया है।

​सड़कों की मरम्मत जुलूस के मुख्य रास्तों को तत्काल मोटरेबल चलायमान बनाने का निर्देश दिया गया है।

​सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि पंचायती अखाड़ा सहित मुख्य केंद्रों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रखें तथा सरकारी अस्पतालों को डॉक्टरों के रोस्टर के साथ अलर्ट पर रखें।


​आपातकालीन सहायता। विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या या सूचना के लिए नागरिक तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0631-2222253 या वरीय अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

​जिलाधिकारी व एसएसपी की जिलेवासियों से अपील--

​बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी गया वासियों को मुहर्रम की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाएं। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से भी व्यवस्था को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।

​इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, महापौर (नगर निगम), नगर आयुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सदर SDO, नगर DYSP, सिविल सर्जन और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित शांति समिति के तमाम सम्मानित सदस्य उपस्थित थे।






 ====================




मुहर्रम पर्व के अवसर पर गया शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू


गयाजी , 24 / 2026 मुहर्रम पर्व 2026 के अवसर पर ताजिया जुलूस एवं कर्बला क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विशेष यातायात नियंत्रण एवं मार्ग परिवर्तन योजना लागू की गई है। यह व्यवस्था दिनांक 26 जून 2026 एवं 27 जून 2026 को सायं 4:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।

   

प्रशासन द्वारा जारी यातायात योजना के अनुसार आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर गया शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त कंडी नवादा से रामशिला मोड़ होते हुए किरानी घाट पेट्रोल पंप तक तथा किरानी घाट से रामशिला मोड़ की ओर सभी ऑटो, टोटो, टेम्पू एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। वहीं चाकंद की ओर से गया शहर में प्रवेश करने वाले सभी छोटे एवं चारपहिया वाहनों का कंडी नवादा से रामशिला की ओर आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। चाकंद की ओर से आने वाले वाहन एनएच-22 बाईपास, अबगिला ओवरब्रिज, गया-प्रेतशिला मार्ग, रेलवे गुमटी संख्या-64, छोटकी नवादा एवं बागेश्वरी गुमटी होते हुए रेलवे स्टेशन एवं अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पटना की ओर से बोधगया, डोभी एवं शेरघाटी जाने वाले चारपहिया वाहन चाकंद से एनएच-22 मार्ग का उपयोग करेंगे।

इसी प्रकार कंडी नवादा से बुनियादगंज एवं मानपुर पुल की ओर जाने वाले वाहन कुकरा मोड़, मेहता पेट्रोल पंप, मुसरंडा मोड़ एवं घुघड़ीटांड़ बाईपास होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात योजना का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से मुहर्रम पर्व संपन्न कराने में सहयोग करें। यातायात नियमों के उल्लंघन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...