⚡ ब्रेकिंग News

छोटे भाई के साथ घर पर थी किशोरी खेत से लौटे परिजनों ने देखा तो मचा कोहराम.



महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा छितौना में शनिवार को एक 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान अनमोल गौतम (16 वर्ष) पुत्री सुरेंद्र गौतम निवासी ग्राम सभा छितौना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनमोल के पिता रोजी-रोटी की तलाश में बाहर रहते हैं। शनिवार को परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए हुए थे, जबकि घर पर केवल अनमोल और उसका छोटा भाई मौजूद थे।

परिजनों के अनुसार जब वे खेत से वापस घर पहुंचे तो अनमोल को मृत अवस्था में देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। 

 *निचलौल पुलिस जांच में जुटी, मौत के करणो पर बना हुआ है रहस्य*

 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और लोग मृतका के परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

       प्रभारी महराजगंज

             कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...