गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को मनरेगा योजना के अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत एक दिवसीय "आम उत्सव सह आम बागवानी मेला" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने की।
मेले में विभिन्न पंचायतों एवं गांवों से आए ग्रामीणों,व जनप्रतिनिधियों, मनरेगा कर्मियों तथा प्रखंड कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए फलदार पौधों से प्राप्त फलों को लोगों तक पहुंचाना तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से योजना को अधिक लोकप्रिय बनाना था।
इस अवसर पर बीडीओ राकेश सहाय ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक फलदार पौधें लगाने और उनकी समुचित देखभाल करने की अपील की।
मेले में उपस्थित ग्रामीणों को आम, अमरूद, कटहल, नींबू सहित विभिन्न फलदार एवं बागवानी पौधों के रोपण, रखरखाव, सिंचाई, पौधों की सुरक्षा तथा उत्पादन बढ़ाने के संबंध में विस्तृत रुप से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने बताया कि पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इस दौरान प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का लाभ उठाने तथा अपने खेतों एवं खाली भूमि पर अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने योजना की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए लाभकारी बताया। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि इस तरह के आयोजन से ग्रामीणों में बागवानी के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और क्षेत्र में हरित आवरण के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

Post a Comment