झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार में पहली बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले बारिश का पानी नालियों के माध्यम से नदी और खेतों की ओर निकल जाता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है। लोगों का आरोप है कि नालियों को भरकर जाम कर दिया गया, जिसके कारण बाजार का पानी अब नदी की बजाय लोगों के घरों में घुसने लगा है।
स्थानीय निवासी विजय सोनी ने बताया कि मंदिर की ओर बनाई गई पीसीसी सड़क को पहले से अधिक ऊंचा कर दिया गया है। इसके कारण बारिश का पानी पहले की तरह मंदिर वाली गली से होकर खेतों की ओर नहीं जा पा रहा है, बल्कि उनके घर के सामने जमा होकर तालाब जैसी स्थिति बना रहा है। उन्होंने बताया कि पानी उनके कपड़े की दुकान में भी घुस रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विजय सोनी ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय से बात की। इस पर बीडीओ ने कहा कि वे फिलहाल एक बैठक में हैं और बैठक समाप्त होने के बाद मौके पर जाकर समस्या का निरीक्षण करेंगे तथा समाधान का प्रयास करेंगे।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले क्षेत्रीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने आश्वासन दिया था कि वे अपनी गाड़ी भेजकर जलजमाव की समस्या का समाधान करवाएंगे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जलजमाव के कारण मुख्य बाजार में सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों को पानी में खड़े होकर सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं, जबकि सब्जी विक्रेता भी मजबूरी में पानी के बीच अपनी दुकान लगाने को विवश हैं। यह स्थिति बाजार की बदहाल व्यवस्था को साफ तौर पर दर्शाती है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस समस्या का जल्द समाधान करेंगे, या फिर कांडी की जनता को पूरे बरसात के मौसम में इसी तरह जलजमाव और परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

Post a Comment