झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित सरकारी अस्पताल में 4 नवंबर की रात्रि ग्रामीणों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना के बाद स्वास्थ्य सेवाएं जारी हैं। बावजूद इसके कि घटना के दौरान अस्पताल में रखी कई प्रकार की दवाइयों, कंप्यूटर, ऑक्सीजन सीलींडर, अन्य स्वास्थ्य सामग्रियों व भवन के शीशों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इस घटना से डॉक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया था। हालांकि अगली सुबह कुछ घंटे बंद रहने के बाद गुरुवार को भी 12 मरीजों का इलाज किया गया था। वही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद प्रसाद सेठ के समझाने-बुझाने के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने नियमित रूप से मरीजों का इलाज शुरू कर दिया। शुक्रवार को डॉ. मंजय कुमार ने 16 मरीजों की जांच व इलाज किया। बताया जा रहा है कि तोड़फोड़ की घटना में दवाइयों एवं अन्य जरूरी सामग्रियों के बर्बाद होने से अस्पताल में इलाज की व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसे लेकर डॉक्टरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार किसी भी इमरजेंसी की व्यवस्था नहीं बची है। फिलहाल धीरे-धीरे आवश्यक दवाइयां मंगाई जा रही हैं। ताकि क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों एवं अन्य कर्मचारियों में अब भी भय का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि अस्पताल में इस तरह की तोड़फोड़ से न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान होता है, बल्कि इसका सीधा असर क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के इलाज पर पड़ता है।
फिलहाल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment