संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP :-गयाजी पूर्व मध्य रेल के डीएलयू (DDU) मंडल अंतर्गत गया रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रांची से पटना आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12366) में चलती ट्रेन के दौरान चढ़ने की कोशिश कर रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग की प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसकर मौत हो गई। इस भीषण हादसे के कारण ट्रेन करीब 44 मिनट तक गया स्टेशन पर ही रुकी रही।
कैसे हुआ हादसा-
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार, 1 जुलाई 2026 की रात को यह घटना प्लेटफार्म संख्या-06 पर 'दिल्ली एंड' शौचालय के पास पोल संख्या-470/06D-08D के नजदीक घटी।
रांची के बोकारो स्टील सिटी से पटना के लिए यात्रा कर रहे दंपती सुरेन्द्र प्रसाद (61 वर्ष) और उनकी पत्नी सुनीता देवी ने कोच डी-16 (सीट संख्या-59, 60) में रिजर्वेशन कराया था। ट्रेन जब गया स्टेशन पर रुकी थी, तब यात्री सुरेन्द्र प्रसाद नीचे उतरकर प्लेटफॉर्म पर टहल रहे थे। इसी दौरान जब ट्रेन ने हॉर्न देकर पटना के लिए धीरे-धीरे प्रस्थान करना शुरू किया, तो वे चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगे।पांवदान से फिसला पैर, टल नहीं सकी अनहोनी चलती गाड़ी के पायदान पर चढ़ने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच के खाली गैप में जा फंसे। पहिये की चपेट में आने और बुरी तरह दबने से मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, स्टेशन अधीक्षक, आईओडब्लयू (IOW) और अन्य कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्टेशन डेवलपमेंट विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से रात 21:27 बजे शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त (गया) भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जीआरपी ने संभाली आगे की कार्रवाई हादसे के बाद ट्रेन के रुकने पर मृतक की पत्नी भी नीचे उतर आईं। जीआरपी (GRP) पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाने ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह दुर्घटना पूरी तरह से यात्री की अपनी लापरवाही के कारण घटित हुई।
रेलवे की विशेष अपील...
आरपीएफ ने सभी रेल यात्रियों से कड़े शब्दों में अपील की है कि चलती हुई गाड़ी में चढ़ने या उतरने का प्रयास बिल्कुल भी न करें, क्योंकि यह जानलेवा और बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। आपकी थोड़ी सी जल्दबाजी आपकी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।


Post a Comment