महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर चौकी अंतर्गत लक्ष्मीपुर शिवाला गांव में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव स्थित शिवमंदिर के सरोवर में एक व्यक्ति का उतराता हुआ शव दिखाई दिया। सुबह करीब 9:54 बजे शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल सखनी आबादी जंगल डुमरी न. 2 गांव निवासी सुभाष गुप्ता (40) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। बताया जाता है कि सुभाष दिनभर लक्ष्मीपुर शिवाला और आसपास के गांवों में घूमकर अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए मजदूरी करता था। शाम होने पर वह वापस लक्ष्मीपुर शिवाला गांव लौट आता और शिवमंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप में ही रात गुजारता था। ग्रामीणों के अनुसार वह शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह गांव की सुशीला गिरी मंदिर परिसर में सरोवर के किनारे बने हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर सरोवर में उतराती किसी वस्तु पर पड़ी। पहले उन्होंने उसे पुतला समझा, लेकिन करीब जाकर देखने पर वह व्यक्ति का शव निकला। सरोवर की सीढ़ियों पर सफेद रंग की टी-शर्ट और भूरे रंग की चप्पल भी दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान कृष्णमोहन पटेल ने भिटौली पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, शिकारपुर चौकी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक अभिजीत राय और सत्यप्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को सरोवर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि सुभाष रात में नशे की हालत में सरोवर में गिर गया होगा, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के बड़े भाई राजू गुप्ता, भाभी पुष्पा देवी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बड़े भाई के दामाद जयराम गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। सुभाष का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment