संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP
पटना बक्सर बिहार के रेल जिला पटना के अंतर्गत चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखने वाले अपराधियों के खिलाफ रेल पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। संघमित्रा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12296) के साधारण कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जबरन अवैध वसूली करने वाले पाँच अभियुक्तों को बक्सर रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर दबोचा है। आरोपियों के पास से लूटे गए 1,500 रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?...
घटना 2 नवंबर 2026 की है। रेल नियंत्रण कक्ष, पटना से सूचना मिली थी कि संघमित्रा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे यात्री माजिद आलम के साथ कुछ किन्नरों द्वारा जबरन अवैध वसूली की जा रही है। जब पीड़ित यात्री ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की, बल्कि दाँत काटकर उन्हें गंभीर रूप से घायल भी कर दिया और जबरन पैसे छीन लिए।
पुलिस की फिल्मी अंदाज में त्वरित कार्रवाई....
सूचना मिलते ही रेल थाना बक्सर के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० मनी चंद पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। रात करीब 09:30 बजे जैसे ही संघमित्रा एक्सप्रेस बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर पहुँची, मार्गरक्षी दल और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कोच को घेरा और सभी पाँचों आरोपियों को मौके पर ही अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण निवासी:- बिहिया, भोजपुर
रुबेन उर्फ सोनिया (उम्र- 19 वर्ष)
टोनी उर्फ सुम्या (उम्र- 20 वर्ष)
अजहर उर्फ खुशी (उम्र- 21 वर्ष)
बानो उर्फ चंपा (उम्र- 26 वर्ष)
मिराज उर्फ बिजली (उम्र- 19 वर्ष
नोट: सभी आरोपी साकिन व थाना बिहिया, जिला भोजपुर के रहने वाले हैं।)
बरामदगी और कानूनी शिकंजा...
तलाशी के दौरान पीड़ित यात्री के छीने गए ₹500/- के तीन नोट (कुल ₹1,500/-) बरामद कर लिए गए हैं। इस मामले में रेल थाना बक्सर कांड संख्या-233/26 (दिनांक- 02/11/2026) दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 304(2) और 3(5) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे कांड का अनुसंधान (जाँच) पु०अ०नि० अखिलेश यादव को सौंपा गया है।
रेल पुलिस की खास अपील:-
रेल पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, जबरन वसूली या संदिग्ध हरकत नजर आने पर तुरंत रेल पुलिस या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते ऐसी वारदातों पर लगाम लगाई जा सके।

Post a Comment