नई दिल्ली:-भारतीय रेलवे ने 6 जुलाई 2026 को नंदीग्राम एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 11002 के फर्स्ट एसी कोच से जुड़े विवाद में कड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ने संबंधित टिकट चेकर को सस्पेंड कर दिया है और मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दिख रहा था कि ट्रेन के 1AC केबिन को एक कपल के लिए "सुहागरात" के कमरे की तरह सजाया गया है।
रेलवे के मुताबिक यात्रियों द्वारा अपने बुक किए गए केबिन को खुद सजाने पर कोई पाबंदी नहीं है। लेकिन इस मामले में कपल ने सजावट के लिए एक बाहरी निजी डेकोरेटर को ट्रेन के अंदर बुलाया था।
रेलवे प्रशासन ने फर्स्ट एसी जैसे वीआईपी कोच में बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश को सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और गंभीर चूक माना है। इसी लापरवाही के चलते टिकट चेकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
रेलवे ने मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment