महराजगंज:-घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम घघरूवा खडेसर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर का बड़ा ताला तोड़ दिया और अंदर रखा दानपात्र, लोटा, गिलास तथा दो घंटे चोरी कर ले गए।
सुबह जब मंदिर के महंत रामानुज पाठक पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ। मंदिर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर वे स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
महंत रामानुज पाठक ने बताया कि मंदिर में चोरी की यह दूसरी घटना है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। चोरों ने न सिर्फ चोरी की, बल्कि मंदिर के सामने लगे CCTV कैमरे को भी तोड़कर फेंक दिया, जिससे उनकी पहचान न हो सके।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। वहीं हिंदू युवा वाहिनी के जिला मीडिया प्रभारी डॉ. मृगेश सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही घटना का पर्दाफाश नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment