गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय कृत प्ल्स टू उच्च विद्यालय कांडी में मंगलवार को प्रखंड विकास सह अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी शिक्षक कार्यालय में बैठकर आराम से परीक्षा की कॉपियां जांचने में व्यस्त थे, जबकि कॉपियों की जांच कक्षा में भी की जा सकती थी।
इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही प्रधानाध्यापक निरंजन कुमार साहू को चेतावनी देते हुए कहा कि इस प्रकार से विद्यालय नहीं चल सकता और विद्यालय की गरिमा बनाए रखना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि छोटे-छोटे बच्चे असुरक्षित स्थानों पर खेल रहे थे—कोई पेड़ पर चढ़ा था, तो कोई छत या बांस की बनी सीढ़ियों पर लटक रहा था। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
इस पर प्रधानाध्यापक ने आश्वासन दिया कि आगे से ऐसी शिकायत नहीं मिलेगी।
इसके अलावा, प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विद्यालय में पेयजल की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली, जिस पर प्रधानाध्यापक ने बताया कि पानी की पर्याप्त व्यवस्था है और कोई समस्या नहीं है।

Post a Comment