गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू के उत्खनन और परिवहन से मची तबाही के बाद अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बलियारी पंचायत के सोनपुरा गांव की एक महिला की ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत के बाद जनाक्रोश को देखते हुए कांडी अंचलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है।
अंचलाधिकारी ने कांडी थाना प्रभारी एवं हरिहरपुर ओपी प्रभारी को आधिकारिक पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि क्षेत्र में अवैध बालू का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंचल अधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, अब कांडी थाना क्षेत्र में रात के समय गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाएगी। यदि कोई भी बालू लदा ट्रैक्टर अवैध रूप से चलते हुए पकड़ा जाता है, तो फौरन ट्रैक्टर मालिक और ड्राइवर पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया गया है। साथ ही, समय-समय पर अंचलाधिकारी और पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा। बता दें कि बीते 12 मार्च को अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से सोनपुरा गांव की एक महिला की जान चली गई थी। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने करीब 20 घंटे तक सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया था। मौके पर जिला परिषद सदस्य और प्रखंड प्रमुख जैसे जनप्रतिनिधियों ने भी अवैध बालू के इस काले कारोबार पर पूर्णतः रोक लगाने की मांग की थी। प्रशासन की इस गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक गढ़वा, उपायुक्त गढ़वा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित तमाम उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि इस अभियान की मॉनिटरिंग ऊपरी स्तर से भी की जा सके।

Post a Comment