महराजगंज:-थाना क्षेत्र बृजमनगंज के ग्राम सभा सौराहा खास में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी शौहर का शव शुक्रवार को उसके ही घर में फंदे से लटका मिला। एक दिन के भीतर हुई दो-दो घटनाओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार शौहर और बीबी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते एक दिन पूर्व आरोपी मुर्तुजा ने अपनी पत्नी नाजमा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। उस समय नाजमा अपने मायके से सामान लेने ससुराल आई हुई थी। कुल्हाड़ी के प्रहार से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे नाजमा के मायके पक्ष के कुछ लोग बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सौराहा गांव पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा बंद देखा। शक होने पर दरवाजा खोलकर अंदर गए तो देखा कि मुर्तुजा का शव पंखे की कुंडी से फंदे के सहारे लटक रहा है। यह दृश्य देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
सूचना मिलने पर बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय महराजगंज भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनिरुद्ध ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एक ही परिवार में एक दिन के भीतर हुई दो-दो घटनाओं से पूरे थाना क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment