महराजगंज-जिले के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनौली- परतावल मार्ग के पास स्थित जंगल में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कुछ स्थानीय लोग जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर साखू के एक सूखे पेड़ पर फंदे के सहारे लटके युवक के शव पर पड़ी। शव को देखकर लोग घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक फुल पैंट और शर्ट पहने हुए था, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि वह करीब 8 से 10 दिन पुराना हो सकता है।
इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के गांवों व थानों में उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment