महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महराजगंज पुलिस और एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ठूठीबारी पुलिस, एटीएस सिद्धार्थनगर और एटीएस गोरखपुर की संयुक्त टीम ने नौवाबारी के पास घेराबंदी कर एक महिला समेत दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो भी पुलिस ने जब्त कर ली।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने नौवाबारी के पास चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। तलाशी में भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर वाहन सवार दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैमुन निशा उर्फ जहांतारा (49) पत्नी जलालुद्दीन, निवासी चैनपट्टी, थाना तरयां सुजान और राजेंद्र गौड़ उर्फ रविंद्र (50), निवासी वार्ड नंबर सात आजाद नगर, थाना सेवरही, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गांजे की तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो का नंबर UP32LB-9957 है।
*पहले भी एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हैं मुकदमे*....
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र गौड़ उर्फ रविंद्र का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में थाना विशुनपुरा, कुशीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा वर्ष 2023 में थाना रुधौली, बस्ती में धारा 8/20 के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में थाना ठूठीबारी में मुकदमा अपराध संख्या 150/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका....
कार्रवाई में ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह तोमर, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य समेत ठूठीबारी पुलिस की टीम शामिल रही। वहीं एटीएस सिद्धार्थनगर से उपनिरीक्षक हिमांशु और हेड कांस्टेबल आकाश यादव तथा एटीएस गोरखपुर से हेड कांस्टेबल उमेश मिश्रा और संदीप जायसवाल ने संयुक्त अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.


Post a Comment