महराजगंज। दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया। अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान नियमों की अनदेखी, गैर परंपरागत आयोजन और छोटी से छोटी लापरवाही भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। किसी भी परिस्थिति में गैर परंपरागत आयोजन न करें। जुलूस और अन्य आयोजनों के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट एवं समय-सारिणी का पालन अनिवार्य होगा। उन्होंने सभी एसडीएम और सीओ को थानों पर संयुक्त बैठक करने तथा दुर्गा पूजा पंडालों, दीपावली आयोजनों और छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्युत विभाग को जर्जर खंभों और लटकते तारों का सर्वे कर तत्काल मरम्मत कराने तथा रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। छठ घाटों और मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल टीम की तैनाती के निर्देश भी दिए। साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अगले एक महीने तक लगातार त्योहारों का दौर रहेगा। ऐसे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में किसी भी छोटी घटना या विवाद की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर बाजारों में विशेष निगरानी रखने के लिए सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए, ताकि अराजक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजनों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। सभी ने भरोसा दिलाया कि दीपावली, छठ सहित आगामी पर्वों को आपसी सद्भाव, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम, सीओ सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment