⚡ ब्रेकिंग News

राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संपन्न, मुंगेर प्रमंडल ने तिरहुत को 1-0 से हराकर जीता खिताब.






मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।



औरंगाबाद।आज दिनांक 06 नवम्बर 2026 को अनुग्रह इंटर विद्यालय (गेट स्कूल), औरंगाबाद के खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय बालक खेल प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत अंडर-19 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। खेल विभाग बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता के निर्णायक मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तिरहुत प्रमंडल को 1-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।


फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा एवं रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। मुकाबले का एकमात्र एवं निर्णायक गोल मुंगेर प्रमंडल के खिलाड़ी छोटू मरांडी (जर्सी नंबर-08) ने खेल के 45वें मिनट में किया। उनके इस शानदार गोल की बदौलत मुंगेर प्रमंडल की टीम ने बढ़त हासिल की और अंत तक उसे बरकरार रखते हुए 1-0 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ मुंगेर प्रमंडल की टीम प्रतियोगिता की चैंपियन बनी तथा विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, तिरहुत प्रमंडल की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए मुख्य रेफरी असफाक आलम, सहायक रेफरी-1 मोहित कुमार मुर्मू, सहायक रेफरी-2 संदीप कुमार तथा चौथे अधिकारी सद्दाम हुसैन ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।


उल्लेखनीय है कि 04 से 06 नवम्बर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों पटना, तिरहुत, सारण, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर एवं मगध के साथ बिहार सरकार के एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र की टीम के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन पोर्ट ब्लेयर, अंडमान में प्रस्तावित है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन फाइनल मुकाबले के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...