रोहतास ब्यूरो अंगद जी पाठक की रिपोर्ट.
*काराकाट / नसरीगंज -* श्रीनगर उच्च विद्यालय के मैदान में गुरुवार को वो हुआ, जिसके लिए हजारों लोग सुबह से ही मैदान में जमे थे। दीपावली और छठ के मौके पर एक दिन का महा-फाइनल था - *एक तरफ बंगाल, दूसरी तरफ नेपाल।*
मैच का उद्घाटन हुआ तो माहौल एकदम फेस्टिवल जैसा था। ओबरा विधायक *डॉ. प्रकाश चंद्रा*, नोखा विधायक *नागेंद्र चंद्रवंशी*, काराकाट प्रमुख *बैजंती देवी*, नसरीगंज प्रमुख *योगेश कुमार*, पूर्व सांसद प्रतिनिधि *सूर्यवंश सिंह* समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। डिहरी पंचायत के मुखिया *कृष्ण कुमार* ने दीप जलाकर और फुटबॉल को किक मारकर मैच का आगाज किया।
*और फिर शुरू हुआ असली खेल!*
मैच शुरू हुए अभी 17 मिनट ही हुए थे कि बंगाल के स्टार खिलाड़ी *लामा* ने ऐसा गोल दागा कि पूरा मैदान *"बंगाल-बंगाल"* से गूंज उठा। नेपाल की टीम संभल पाती, इससे पहले 10 मिनट बाद ही बंगाल ने दूसरा गोल ठोककर स्कोर *2-0* कर दिया।
हाफ टाइम के बाद नेपाल ने जान लगा दी। एक के बाद एक हमला, गोल करने के कई मौके... लेकिन बंगाल की दीवार जैसी रक्षा के सामने नेपाल की एक न चली।
आखिरी सीटी बजते ही बंगाल के खिलाड़ी मैदान में कूद पड़े। ट्रॉफी बंगाल के हाथ में थी!
*मैच के हीरो:*
- *बेस्ट प्लेयर -* लामा (बंगाल)
- *मैन ऑफ द मैच -* नासिर हुसैन (नेपाल)
- *बेस्ट गोलकीपर -* हेमंत गोप (बंगाल)
विजेता टीम को ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैदान में रेफरी *सुनील चंद्रवंशी और ऋषि* थे, लाइनमैन *अंतिम राज और जीरान अली* थे। कमेंट्री में *मोहिब्बुल हक और धनजी पासवान* ने ऐसा समां बांधा कि लोग उठने का नाम ही नहीं ले रहे थे।

Post a Comment