मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 04 अगस्त 2026 को दाउदनगर नगर परिषद के सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के निदेशानुसार उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह की अध्यक्षता में दाउदनगर के सभागार में केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की स्थिति, लाभुकों के चयन, जन समर्थन पोर्टल पर आवेदन एवं अपलोड की प्रगति, सर्वेक्षण, रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना, कार्यान्वयन एजेंसियों की तैयारी, बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्धता, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त द्वारा योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी वार्ड सदस्यों से स्वयं इस योजना का लाभ लेने तथा अपने-अपने वार्ड से कम-से-कम 10 पात्र घरेलू उपभोक्ताओं के आवेदन सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक लाभुकों को जोड़ने के उद्देश्य से जिले में सोलर मेला का भी आयोजन किया जा रहा है।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने कार्यपालक अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिया कि योजना से संबंधित आवेदनों के निष्पादन एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में पृथक सहायता काउंटर स्थापित किया जाए, जहाँ प्रशिक्षित कर्मियों एवं ऑपरेटरों की उपलब्धता सुनिश्चित रहे, ताकि आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन आसानी से प्राप्त हो सके। उन्होंने जानकारी दी कि बिजली उपभोक्ताओं को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 06 अगस्त 2026 को औरंगाबाद में कार्यपालक अभियंता (विद्युत) के पर्यवेक्षण में सोलर मेला आयोजित किया जाएगा।
इच्छुक उपभोक्ता मेला में उपस्थित होकर योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपना आवेदन भी जमा कर सकेंगे। ऐसे उपभोक्ता, जो बैंक ऋण के माध्यम से योजना का लाभ लेना चाहते हैं तथा किसी कारणवश उनका ऋण आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका है, वे भी कैंप में संपर्क कर सकते हैं। बिजली कंपनी के पदाधिकारी बैंक ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि योजना के अंतर्गत पात्र एवं इच्छुक लाभुकों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार केन्द्र सरकार द्वारा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर पात्र आवेदकों को बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि योजना से संबंधित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए जन समर्थन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करें तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
गौरतलब है कि केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना एवं कुसुम योजना के माध्यम से बिहार के बिजली उपभोक्ता भी लाभान्वित हो रहे हैं। ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट क्षमता तक के संयंत्र पर ₹30,000, 2 किलोवाट तक ₹60,000 तथा 3 किलोवाट अथवा उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम ₹78,000 तक का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के लिए लगभग 80 से 240 वर्ग फीट तक छत की आवश्यकता होती है। 1 किलोवाट क्षमता का संयंत्र प्रतिमाह लगभग 125 यूनिट बिजली का उत्पादन करता है। संयंत्र की स्थापना पर होने वाला व्यय सामान्यतः 5 से 7 वर्षों में वसूल हो जाता है, जबकि इसकी औसत आयु लगभग 25 वर्ष होती है। इच्छुक उपभोक्ताओं को राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा भी उपलब्ध है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता अपने निकटतम विद्युत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अध्यक्षा नगर परिषद दाऊदनगर, अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर, नगर परिषद दाउदनगर के सभी वार्ड सदस्य, संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता (विद्युत) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment