झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अभियान को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड की सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत स्वयंसेवक, रोजगार सेवक, सहिया सहित विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में बीडीओ राकेश सहाय ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन जमा कराने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जन्म तिथि के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि नए मतदाताओं का नाम जोड़ा जा सके तथा किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। बैठक में मतदान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने पर बल दिया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित कर्मियों को SIR-2026 से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री एवं पोस्टर के माध्यम से भी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी पंचायतों में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने और अभियान को समयबद्ध तरीके से सफल बनाने का निर्देश दिया गया।

Post a Comment