मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 01/08/2026 स्थानीय के.वी.एम. विद्यालय गोह परिसर में शनिवार को बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की गोह प्रखंड इकाई की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष अजय पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन के.वी.एम. के संचालक कुंदन कुमार ने किया। बैठक में संगठन के विस्तार, निजी विद्यालयों की एकजुटता, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा प्रखंड स्तरीय संगठन को मजबूत बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से राजेश कुमार को गोह प्रखंड अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही संगठन की नई प्रखंड कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें कुंदन कुमार को प्रखंड उपाध्यक्ष, धर्मेंद्र कुमार को सचिव, अवधेश कुमार को उप सचिव, आतिश कुमार शशि को कोषाध्यक्ष तथा राकेश रंजन को उप कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नव मनोनीत पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
मुख्य वक्ता एवं संघ के महासचिव संतोष कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके साझा उद्देश्य, सक्षम नेतृत्व, सक्रिय सदस्यता और प्रभावी संवाद पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालय यदि संगठित रहेंगे तो शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। उन्होंने सभी विद्यालय संचालकों से संगठन को गांव-गांव और प्रखंड के प्रत्येक निजी विद्यालय तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष अजय पांडेय ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पदाधिकारी बनाना नहीं, बल्कि निजी विद्यालयों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सभी निजी विद्यालयों को एक मंच पर आकर शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के भविष्य तथा विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने नवगठित टीम को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि गोह प्रखंड की नई समिति संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
बैठक में जिला सचिव रिंकू सिंह, जिला कोषाध्यक्ष विजय कुमार कश्यप, परवेज आलम, बलकेश कुशवाहा, गजेंद्र सिंहा, राजकिशोर सिंह, नरेंद्र कुमार सहित अनेक विद्यालय संचालकों ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान को गति देने तथा निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कुंदन कुमार ने कहा कि वे संगठन के लिए हर परिस्थिति में आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक रूप से समर्पित रहेंगे तथा गोह प्रखंड को संगठन की दृष्टि से जिले की सबसे मजबूत इकाई बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन संगठन की मजबूती, निजी विद्यालयों की एकता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विकास के संकल्प के साथ किया गया।

Post a Comment