महराजगंज:- भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक खेतों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खेत में पड़े डंठलों को अपनी चपेट में ले लिया।
हालांकि आग कटी हुई फसल में लगी थी, लेकिन पास के परसिया सिवान में खड़ी फसल होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी और बड़े नुकसान की आशंका बढ़ गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की टीम भी दमकल वाहन के साथ पहुंच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग बुझने के बाद गांव में राहत का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो पास की खड़ी फसल भी जलकर राख हो सकती थी, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होता।
आग बुझाने में उपनिरीक्षक यदुवीर यादव, विवेकानंद सिंह, मनीष, सुग्रीव प्रसाद जायसवाल, वशिष्ठ जायसवाल, गोविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सराहनीय भूमिका निभाई।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संकट के समय प्रशासन और ग्रामीणों की एकजुटता बड़े हादसों को टाल सकती है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment