⚡ ब्रेकिंग News

एसपी का एक्शन मोड: थानों से लेकर सोनौली बॉर्डर तक सख्त निरीक्षण, अपराधियों में मचा हड़कंप!

 

एसपी का एक्शन मोड: थानों से लेकर सोनौली बॉर्डर तक सख्त निरीक्षण, अपराधियों में मचा हड़कंप!

महराजगंज, 3 अप्रैल 2026।जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को थाना कोल्हुई, सोनौली एवं नौतनवा का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। अचानक हुए इस निरीक्षण से थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों का रख-रखाव, अपराध पंजिका, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश देते हुए लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

एसपी अवस्थी ने स्पष्ट कहा कि वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने आम जनता की शिकायतों पर त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बीट पुलिसिंग को और मजबूत बनाने, क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय सूचना तंत्र विकसित करने पर जोर दिया। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे आमजन के साथ संवेदनशील, विनम्र और भरोसेमंद व्यवहार करें, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

 सोनौली बॉर्डर पर सख्ती बढ़ी----

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर का सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण भी किया। इस दौरान सीमा सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन नियंत्रण, इमीग्रेशन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन तलाशी का जायजा लिया गया।

एसपी ने निर्देश दिए कि सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए और तस्करी, मानव तस्करी सहित हर तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।

 “ कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता”----

पुलिस अधीक्षक ने दो टूक कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि महराजगंज की जनता को सुरक्षित, भयमुक्त और न्यायपूर्ण वातावरण देने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

        प्रभारी महराजगंज 

           कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...