गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित सावित्रीबाई फुले बुद्ध विहार, काचर कांडी में गुरुवार को बौद्ध धर्म के रीति-रिवाज से एक विवाह सम्पन्न कराया गया। यह विवाह हरिहरपुर क्षेत्र के भेलवाखड़ी गांव निवासी परिखा राम के बड़े पुत्र मुकेश कुमार तथा पलामू जिले के पांडू क्षेत्र अंतर्गत राजखाड़ गांव निवासी अजय कुमार की बड़ी पुत्री विक्की कुमारी के बीच संपन्न हुआ। विवाह की विधि भंते परिखा बौद्ध द्वारा कराई गई।
आपको बता दें कि सावित्रीबाई फुले बुद्ध विहार की स्थापना 14 अक्टूबर 2020 को की गई थी। इस विहार के लिए कपिल देव पासवान ने बौद्ध धर्म को मानते हुए अपनी भूमि दान में दी थी, जिसके लिए क्षेत्र में उनकी काफी सराहना होती रही है।
भंते परिखा बौद्ध द्वारा यहां नियमित रूप से बौद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन यह पहला अवसर था जब बौद्ध विहार में बौद्ध धर्म के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। इस अनोखे आयोजन को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग इस विवाह को देखने पहुंचे।
इस अवसर पर भंते परिखा बौद्ध ने कहा कि वे बौद्ध धर्म के अनुसार विवाह कराने के लिए कोई शुल्क नहीं लेते हैं और जीवनभर लोगों की निशुल्क सेवा करते रहेंगे। उन्होंने दोनों पक्षों से अपील की कि विवाह के बाद विहार परिसर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी वे स्वयं लें, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से यह भी आग्रह किया कि जो लोग बौद्ध धर्म में विश्वास रखते हैं, उनके लिए यह बुद्ध विहार सदैव खुला रहेगा और वे भविष्य में भी यहां निःशुल्क विवाह संपन्न कराने का प्रयास करते रहेंगे।

Post a Comment