महराजगंज:- श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल मुख्य चौराहे पर शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार ट्रेला और डम्पर की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दोनों वाहन पलट गए, जिससे ट्रेला चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेला (HR 63C 0052) कप्तानगंज की ओर से आ रहा था, जबकि डम्पर (UP 79 AT 5990) गोरखपुर की दिशा से आ रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेला तेज गति से पनियरा की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डम्पर को देखकर ट्रेला चालक ने अचानक वाहन को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण बिगड़ गया और दोनों वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भारी वाहन पलट गए। हादसे के वक्त ट्रेला पर रिफाइंड तेल लदा हुआ था, जबकि डम्पर खाली था। दुर्घटना की चपेट में चौराहे पर स्थित एक जूस कॉर्नर भी आ गया, जिससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल ट्रेला चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
वहीं, हादसे के बाद डम्पर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह।

Post a Comment