⚡ ब्रेकिंग News

अनुदान रोकने के विरोध में शोणभद्र आदर्श इंटर कॉलेज में तालाबंदी, शैक्षणिक कार्य हुआ ठप।

 गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।



एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में वित्त रहित संयुक्त संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार को कांडी स्थित शोणभद्र आदर्श इंटर महाविद्यालय में व्यापक शैक्षणिक हड़ताल और तालाबंदी की गई। सरकार की नीतियों से आक्रोशित महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्राचार्य अनुज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महाविद्यालय प्रबंधन ने अनुदान के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं और कागजी औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली थीं, इसके बावजूद सरकार की गलत नीतियों के कारण कॉलेज का अनुदान रोक दिया गया है। उन्होंने इसे संस्थान और कर्मचारियों के भविष्य के साथ सरासर अन्याय बताया।

धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक अनुदान की राशि जारी नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। इस मौके पर मुख्य रूप से श्री अलखनाथ तिवारी, प्रो. उमाशंकर कुमार, विकास विमल, सतीश कुमार, जंगबहादुर यादव, विकास प्रजापति और शिवनाथ राम सहित महाविद्यालय के तमाम कर्मी उपस्थित थे। तालाबंदी के कारण कॉलेज में दिन भर पठन-पाठन पूरी तरह बाधित रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...