⚡ ब्रेकिंग News

बेसमेंट में चल रहा बिना मान्यता स्कूल, कार्रवाई के दिये निर्देश।

 



थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट ।


ATH NEWS 11 GROUP -:बस्ती। जिले के विकास खंड कुदरहा क्षेत्र अंतर्गत गनेशपुर (डेल्हवा पाऊं) में स्थित श्रीमती पुष्पा देवी पब्लिक स्कूल के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। यह विद्यालय बिना मान्यता के एक मकान के बेसमेंट में संचालित हो रहा है, जो निर्धारित शैक्षणिक एवं सुरक्षा मानकों के विपरीत है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में तैनात शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता भी न्यूनतम मानकों पर खरी नहीं उतर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्चों को बहला-फुसलाकर दाखिला दिलाया जा रहा है और ड्रेस, टाई-बेल्ट आदि के नाम पर अभिभावकों से मनमाने ढंग से शुल्क वसूला जा रहा है।


कई बार दिए जा चुके हैं नोटिस-----

खंड शिक्षा अधिकारी कुदरहा द्वारा विद्यालय को पूर्व में भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं। 8 जुलाई 2025 एवं 29 अगस्त 2025 को दिए गए नोटिस में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया था कि बिना मान्यता विद्यालय संचालन अवैध है और इसे तत्काल बंद किया जाए। इसके बावजूद संचालक द्वारा आदेशों की अनदेखी करते हुए विद्यालय का संचालन जारी रखा गया।


कानूनन दंडनीय है संचालन-----

निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत बिना मान्यता विद्यालय चलाना दंडनीय अपराध है। दोषी पाए जाने पर भारी जुर्माने के साथ प्रतिदिन अतिरिक्त आर्थिक दंड का भी प्रावधान है।


निरीक्षण में मिली खामियां----

आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर 12 मार्च 2026 को खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि भवन अधूरा है, प्लास्टर तक नहीं हुआ है तथा बेसमेंट सहित अन्य तल पर कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।


निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधक द्वारा विद्यालय बंद करने से इनकार करने पर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई।


डीएम के निर्देश पर टीम गठित----

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई हेतु उपजिलाधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।


जल्द होगी कार्रवाई: बीएसए.

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और शीघ्र ही विद्यालय को बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी।


अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता से कदम उठाता है। समय रहते कार्रवाई न होने पर ऐसे अवैध विद्यालय बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...