महराजगंज-जनपद महराजगंज के पनियरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा हेमछापर के पोखरा टोला में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय सुभाष पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम जिंदापुर, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब आठ महीनों से हेमछापर स्थित एक छावनी परिसर में रहकर कार्य कर रहे थे।
शनिवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पनियरा थाने की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने छावनी मालिक मेराज जफर हाशमी की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका हुआ था। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। आत्महत्या या किसी अन्य कारण की आशंका को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और क्षेत्र में शोक व चिंता का माहौल बना हुआ है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment