गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के थाना परिसर में बुधवार को आगामी त्योहारों—रामनवमी, ईद और सरहुल—को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बीडीओ राकेश सहाय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ राकेश सहाय ने स्पष्ट किया कि इस बार जिला प्रशासन डीजे को लेकर बेहद सख्त है; किसी भी जुलूस में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन पूरे जुलूस पर ड्रोन कैमरे से पैनी नजर रखेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जुलूस के दौरान अस्त्र-शस्त्र (तलवार आदि) से होने वाली किसी भी दुर्घटना की सीधी जिम्मेदारी संबंधित कमेटी के पदाधिकारियों की होगी।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि जिस भी गांव से रामनवमी का जुलूस निकलना है, वहां की कमेटी को दो दिनों के भीतर थाना में लिखित सूचना देनी अनिवार्य है। नए अखाड़ा संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे एसडीओ कार्यालय से विधिवत पूंजीकरण करा लें। बिना रजिस्ट्रेशन के दो-चार लोगों के समूह को 'अखाड़ा' मान्य नहीं किया जाएगा और ऐसे समूहों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुराने अखाड़ों को भी अपने कार्यक्रम स्थल की जानकारी थाना प्रभारी को पूर्व में देनी होगी।
बैठक में प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय समेत कई गणमान्य लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते स्थिति को संभाला जा सके। मौके पर कांडी मुखिया विजय राम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जवाहर राम, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार, पतरिया मुखिया प्रतिनिधि मनोज पासवान, शिवपुर मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार, चटनियां मुखिया प्रतिनिधि लल्लू यादव, खरौन्धा मुखिया परिखा राम, डॉ. अनिल प्रसाद, मुर्तजा अंसारी, नूरुल अंसारी, सुजीत बैठा, खुर्शिद खलीफा, बाबू खान, जेपी सोनी, दिलीप कुमार, कृष्ण बारी, लमारी प्रतिनिधि रिंकू सिंह, बीडीसी प्रतिनिधि अनूप पासवान, अलमुदीन खलीफा और राणाडीह मुखिया ललित बैठा समेत भारी संख्या में ग्रामीण व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment