महराजगंज। जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। फरेंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए इस हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग राम बचन यादव की मौके से अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वे रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और अपने सरल स्वभाव के कारण क्षेत्र में काफी सम्मानित माने जाते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम बचन यादव ग्राम बनकटी से घरेलू सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बनकटी से जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है—परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में फरेंदा थाने में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सूत्रों का कहना है कि जैसे ही शिकायत दर्ज होगी, दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह।

Post a Comment