संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATHNEWS 11GROUP :-गयाजी दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (CUSB) के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की इंजीनियरिंग स्नातक योग्यता परीक्षा (GATE) 2026 में अपनी सफलता का परचम लहराया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी द्वारा आयोजित इस परीक्षा में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक छात्रों ने क्वालीफाई कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
बायोटेक्नोलॉजी विभाग का दबदबा---
विश्वविद्यालय के जन संपर्क पदाधिकारी (PRO) मोहम्मद मुदस्सीर आलम के अनुसार, इस वर्ष बायोटेक्नोलॉजी विभाग का प्रदर्शन सबसे उत्कृष्ट रहा, जहाँ से रिकॉर्ड 15 छात्रों ने सफलता प्राप्त की। इनमें अमीषा भूषण, सुशांत कुमार और फौजिया अरशद जैसे मेधावी छात्र शामिल हैं, जिन्होंने लाइफ साइंस और बायोटेक्नोलॉजी दोनों श्रेणियों में अपनी योग्यता सिद्ध की है।
शिवम कुमार (समाजशास्त्रीय अध्ययन विभाग) शिवम ने देशभर में 213वीं रैंक हासिल कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। सांख्यिकी (Statistics) और लाइफ साइंस विभाग के छात्रों ने भी इस कठिन परीक्षा में बाजी मारी है। इसके साथ ही रक्षा मलिक ने AIIMS BRET 2025 और आशा राज ने JPSC फूड सेफ्टी ऑफिसर परीक्षा में चयन होकर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में इजाफा किया है।
कुलपति ने दी बधाई----
इस गौरवपूर्ण अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह और कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। कुलपति ने कहा कि यह सफलता छात्रों के कठिन परिश्रम और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। विभिन्न विभागाध्यक्षों और संकाय सदस्यों ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Post a Comment