गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर विधायक नरेश प्रसाद सिंह विधानसभा में मुखर नजर आए। उन्होंने तारांकित प्रश्न और शून्यकाल के माध्यम से क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विषयों को मजबूती के साथ सदन में उठाया।
उन्होंने तारांकित प्रश्न के माध्यम से कांडी प्रखंड स्थित सुप्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल के विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सतबहिनी स्थित प्राचीन देवी मंदिर में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। साथ ही समय-समय पर मेला और यज्ञ का आयोजन भी होता है, लेकिन पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सतबहिनी झरना को ए-ग्रेड पर्यटन स्थल का दर्जा देकर इसका समुचित विकास और सौंदर्यीकरण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके साथ ही विधायक ने मझिआंव प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय, मोरबे को +2 हाई स्कूल में उत्क्रमित करने की वर्षों पुरानी मांग भी सदन में उठाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए विद्यालय को जल्द +2 हाई स्कूल में उत्क्रमित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
वहीं शून्यकाल के दौरान ही विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने गढ़वा रोड ओवरब्रिज से बी मोड़ तक निर्माणाधीन सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सघन आबादी वाला है और नाली नहीं होने से बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आसपास के घरों में पानी भरने की आशंका बनी रहती है।
इस संबंध में विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदन में लगातार आवाज उठाते रहेंगे। और अपने विधानसभा क्षेत्र को विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र अभी भी मूलभुत सुविधाओं से कोसों दूर है,और मैं अपने प्रयास से विधानसभा क्षेत्र के सातों प्रखंड क्षेत्रों में विकास करके दिखाऊंगा।

Post a Comment