महराजगंज। दीपावली पर्व से पहले अवैध आतिशबाजी के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। निचलौल थाना पुलिस ने कोर्ट मोहल्ले में छापेमारी कर एक घर से भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी बरामद की है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निचलौल पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौशेन पुत्र धनीफ, निवासी कोर्ट मोहल्ला, वार्ड नंबर सात, थाना निचलौल के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से आठ बोरियों और 18 गत्तों में रखी मिश्रित आतिशबाजी बरामद हुई। इसमें चकरी, धमाका बम, फुलझड़ी और स्काई रोशनी सहित कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी के भंडारण की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
इस मामले में थाना निचलौल में मु0अ0सं0 294/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुगज तिवारी, हेड कांस्टेबल रजनीश सिंह, कांस्टेबल आनंद सिंह और महिला कांस्टेबल काजल शामिल रहीं। वहीं राजस्व विभाग की ओर से तहसीलदार अमित सिंह मौजूद रहे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment