⚡ ब्रेकिंग News

तेज रफ्तार वाहन ने छीनी इलेक्ट्रिक मिस्त्री की जिंदगी, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया.




महराजगंज, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा पुलिस चौकी के समीप शुक्रवार की रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से साइकिल सवार इलेक्ट्रिक मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से पत्नी और चार बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मिठौरा निवासी अमरनाथ (41) पुत्र सुरेन इलेक्ट्रिक मिस्त्री का काम करते थे। शुक्रवार की रात वह भागाटार की तरफ से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। अभी वह मिठौरा पुलिस चौकी के समीप पहुंचे ही थे कि निचलौल की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमरनाथ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से घायल अमरनाथ को तत्काल सीएचसी मिठौरा/जगदौर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अमरनाथ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी अमरनाथ के कंधों पर थी। उनकी मेहनत-मजदूरी से ही घर का खर्च चलता था। अब परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

इस संबंध में सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

      प्रभारी महराजगंज 

        कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...