⚡ ब्रेकिंग News

पुनपुन-बटाने संगम की पावन भूमि पर धार्मिक आस्था एवं लोक संस्कृति के संगम में दो दिवसीय पितृपक्ष महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ.

 



मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।



औरंगाबाद। आज दिनांक 25 सितंबर 2026 को कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में बारुण प्रखंड अंतर्गत जम्होर-रढुआ स्थित विष्णुधाम के प्रांगण में दो दिवसीय पितृपक्ष महोत्सव 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। महोत्सव का आयोजन 25 एवं 26 सितंबर 2026 को किया जा रहा है। आयोजन में धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के साथ-साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति को भी प्रमुखता दी जा रही है।कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ। इसके उपरांत औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, जिला पदाधिकारी  अभिलाषा शर्मा,अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह तथा विष्णुधाम मंदिर न्यास समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा माननीय विधायक को पौधा, शॉल एवं पितृपक्ष महोत्सव से संबंधित स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित अतिथियों का जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा पौधा, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।


कार्यक्रम स्थल पर आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, औरंगाबाद की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया।स्वागत संबोधन में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि पुनपुन एवं बटाने नदियों के पावन संगम पर स्थित विष्णुधाम की भूमि पर पितृपक्ष महोत्सव का आयोजन अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है। पितृपक्ष भारतीय परंपरा में अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं स्मरण का महत्वपूर्ण पर्व है।उन्होंने कहा कि जम्होर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान प्रदान करने तथा स्थानीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में यह महोत्सव महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, मंदिर न्यास समिति, कलाकारों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं का औरंगाबाद की धरती पर हार्दिक स्वागत किया।


जिला पदाधिकारी  अभिलाषा शर्मा ने अपने संबोधन में उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि हम ऐसी पावन भूमि पर एकत्रित हुए हैं, जहां भगवान विष्णु की आराधना, पितरों के प्रति श्रद्धा तथा हमारी प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ती हुई दिखाई देती हैं।उन्होंने कहा कि जम्होर में पहली बार पितृपक्ष महोत्सव का आयोजन किया जाना इस क्षेत्र की धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विष्णुधाम भगवान विष्णु को समर्पित महत्वपूर्ण आस्था-स्थल है और पितृपक्ष के अवसर पर यहां पूर्वजों का स्मरण एवं उनके प्रति श्रद्धा अर्पित करना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है।जिला पदाधिकारी ने कहा कि जम्होर एवं आसपास का क्षेत्र मगध की व्यापक सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यहां की धार्मिक परंपराएं, नदियां, तीर्थस्थल एवं लोक आस्थाएं इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को प्रतिबिंबित करती हैं। पुनपुन नदी भारतीय संस्कृति में नदियों की उस परंपरा का स्मरण कराती है, जहां नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन, आस्था एवं संस्कार की वाहक भी रही हैं।उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पितृपक्ष के अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से आयोजन स्थल पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से जिला प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए महोत्सव को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जम्होर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ किया जा सकता है।जिला पदाधिकारी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों से विष्णुधाम पहुंचे श्रद्धालुओं का औरंगाबाद की पावन धरती पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए पितृपक्ष महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।विधायक ने विष्णुधाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल दिया।


 औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने अपने संबोधन में पितृपक्ष महोत्सव के आयोजन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि भगवान विष्णु की पावन भूमि एवं पुनपुन-बटाने संगम क्षेत्र में आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था, पितृ श्रद्धा एवं सांस्कृतिक परंपराओं को एक साथ जोड़ने वाला आयोजन है।

उन्होंने कहा कि विष्णुधाम एवं इसके आसपास का क्षेत्र धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र की प्राचीन परंपराओं एवं धार्मिक आस्थाओं को संरक्षित करते हुए इसे व्यापक पहचान प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा धार्मिक आयोजनों की गरिमा एवं श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उन्होंने विष्णुधाम परिसर, पिंडदान स्थल, घाट एवं संपर्क मार्गों सहित क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि पितृपक्ष महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं को भी मंच प्राप्त हो रहा है। इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय स्तर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने में सहायता मिलेगी।


उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर न्यास समिति, स्थानीय नागरिकों, कलाकारों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों को महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने की अपील की।महोत्सव के उद्घाटन के उपरांत विधायक एवं जिला पदाधिकारी द्वारा विष्णुधाम मंदिर परिसर तथा पुनपुन-बटाने संगम तट पर पिंडदान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे आयोजन स्थल पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण और अधिक जीवंत हो उठा।उद्घाटन सत्र के उपरांत धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज ने कहा कि विष्णुधाम धार्मिक आस्था का प्रतीक एवं सांस्कृतिक एकता का संगम है। उन्होंने महोत्सव के आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मंदिर न्यास समिति, स्थानीय नागरिकों, कलाकारों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ।


इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी औरंगाबाद एवं बारुण, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...