मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 19/09/2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकली सेवा यात्रा का 5 अक्टूबर को बिहार में प्रवेश होगा। बिहार-झारखंड सीमा क्षेत्र के औरंगाबाद जिले के संडा में यात्रा के स्वागत की तैयारी की जा रही है। बिहार सरकार की उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह संडा में यात्रा का स्वागत करेंगी। इस दौरान संडा से औरंगाबाद होते हुए बारुण तक बाइक रैली भी निकाली जाएगी।
राष्ट्रीय स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर वडनगर से हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में वडनगर से वाराणसी के लिए सेवा संकल्प और विकसित भारत बाइक यात्रा को रवाना किया गया।अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों में सेवा, स्वच्छता, पौधरोपण, जनसंवाद और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 5 अक्टूबर को संडा में यात्रा के स्वागत के बाद बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली संडा से शुरू होकर औरंगाबाद होते हुए बारुण तक जाएगी। स्थानीय स्तर पर इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम और रैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी चल रही है।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को मंत्री श्रेयसी सिंह संडा पहुंचीं। उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संडा जाने के क्रम में मंत्री ने अंबा स्थित ऐतिहासिक मां सतबहिनी मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
स्थानीय नेताओं ने लिया तैयारियों का जिम्मादारी---
निरीक्षण के दौरान औरंगाबाद सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, एमएलसी दिलीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी, उज्ज्वल कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, कंचन गुप्ता, छोटू सिंह, अभय पासवान और रामेश्वर बैठा समेत कई पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान यात्रा के स्वागत, बाइक रैली के मार्ग और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। नेताओं के अनुसार, संडा से बारुण तक रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारियां भी तय की जा रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर जारी कार्यक्रम के मुताबिक वडनगर और वाराणसी से निकली सेवा संकल्प यात्राएं करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 10 राज्यों के 193 जिलों और लगभग 1,159 गांवों से गुजरेंगी। करीब एक हजार युवाओं की भागीदारी वाले इस अभियान का समापन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

Post a Comment