⚡ ब्रेकिंग News

औरंगाबाद में बड़ी वारदात: दो पक्षों को समझाने गई पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, थानाध्यक्ष समेत 4 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल.

 



मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।


औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जहाँ जम्होर थाना क्षेत्र के बलिकरना गांव में सोमवार देर शाम दो पक्षों के बीच हो रही मारपीट की सूचना पर पहुँची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में जम्होर थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बलिकरना गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प की सूचना मिलने के बाद जम्होर थानाध्यक्ष सूरवीर गुप्ता अपने सशस्त्र बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे थे। थानाध्यक्ष और उनकी टीम ने जब दोनों पक्षों को शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, तो उग्र भीड़ ने कानून को ताक पर रखते हुए अचानक पुलिस दल पर ही लाठी-डंडों से धावा बोल दिया।

थानाध्यक्ष की हालत गंभीर, सदर अस्पताल में इलाज जारी: --

इस बर्बर हमले में जम्होर थानाध्यक्ष सूरवीर गुप्ता, सब-इंस्पेक्टर (SI) अजय खरवार, सब-इंस्पेक्टर (SI) पुष्प कुमारी और एक महिला सिपाही लहूलुहान होकर घायल हो गईं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद लाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, थानाध्यक्ष सूरवीर गुप्ता के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

हमलावर फरार, एफआईआर दर्ज कर छापेमारी शुरू: --

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ बलिकरना गांव पहुँचे और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने सभी उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

वरीय अधिकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को भी नहीं है। खाकी पर हाथ उठाने वाले और पुलिस टीम पर हमला करने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...