⚡ ब्रेकिंग News

आम तोड़ना पड़ा भारी: पेड़ से गिर युवक की हुई दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम.




महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बलहीखोर गांव में मंगलवार सुबह आम तोड़ने के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान पप्पू यादव (35 वर्ष) पुत्र संत यादव, निवासी ग्राम बलहीखोर, थाना कोठीभार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9:20 बजे पप्पू यादव आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे आ गिरे। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।

परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।  

*मौत का समाचार सुनकर गांव में मातम* 

घटना की सूचना सुबह करीब 10:30 बजे मेमो के माध्यम से कोठीभार पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक को शराब पीने की लत थी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था सामान्य है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

       प्रभारी महराजगंज 

           कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...