संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP :-गयाजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। शेरघाटी थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर पश्चिम बंगाल के हावड़ा जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया है।
कोचिंग जाने के दौरान हुई थीं लापता मामला 20 मई 2026 का है, जब एक पीड़िता के पिता ने शेरघाटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन के अनुसार, उनकी पुत्री शेरघाटी स्थित मिश्रा कोचिंग में पढ़ने गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी घर वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो पता चला कि उसकी दो अन्य सहेलियाँ भी रहस्यमय तरीके से गायब हैं और अपने घर नहीं पहुँची हैं। इसके बाद तीनों बच्चियों के परेशान परिजन संयुक्त रूप से थाने पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। केस दर्ज होते ही बनी स्पेशल टीम परिजनों के आवेदन के आधार पर शेरघाटी थाने में कांड संख्या-215/26 (धारा-137(2)/96 बी०एन०एस० के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार , गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेरघाटी-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में शेरघाटी थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस अधिकारियों और जवानों को शामिल किया गया।
CCTV और तकनीकी इनपुट से मिली कामयाबी विशेष टीम ने मामले को सुलझाने के लिए मैन्युअल इंटेलिजेंस और तकनीकी अनुसंधान (Technical Surveillance) का सहारा लिया। इस दौरान इलाके में लगे दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला कि तीनों लड़कियों को कोलकाता में देखा गया है। इस सूचना पर बिना वक्त गंवाए विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई की और केस दर्ज होने के मात्र 12 घंटे के अंदर तीनों अपहृत बालिकाओं को हावड़ा जंक्शन से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
आगे की कार्रवाई जारी:---
पुलिस प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में बरामद की गई तीनों लड़कियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, इस अपहरण कांड में संलिप्त अपराधियों को दबोचने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Post a Comment