महराजगंज। जनपद के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत समरधीरा चौराहे पर शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खाद लेने पहुंचे दो युवकों पर कुछ लोगों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। देखते ही देखते चौराहे पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार करमहवा निवासी पवन यादव और अजय यादव किसी कार्य से समरधीरा चौराहे पर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक खाद लेने पहुंचे थे, तभी वहां मौजूद चार से पांच लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों युवक घायल हो चुके थे। घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। वहीं किसी स्थानीय व्यक्ति ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में पुरंदरपुर थाने के एसआई राहुल यादव ने बताया कि समरधीरा चौराहे पर दोनों युवक खाद लेने आए थे। इसी दौरान पड़रहवा निवासी कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। इंद्रमणि यादव की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मु.अ.सं. 131/26 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों का चालान भी कर दिया है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्क नजर आ रही है और माहौल शांत बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.


Post a Comment