महराजगंज। जनपद के घुघली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसा करीब रात 9:20 बजे सुभाष चौक पर हुआ, जहां एक होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर राहगीरों पर चढ़ गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कस्बा घुघली पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक तेज गति में वाहन चला रहा था, जिससे वह संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों की पहचान सुधांशु (30 वर्ष), समीउल्लाह (30 वर्ष) और देवेंद्र सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घुघली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय महाराजगंज रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है।
थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा वाहन चालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment