महराजगंज:- 22 अप्रैल 2026। जनपद में प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी गाइडलाइन का गंभीरता से पालन किया जाए, ताकि परीक्षा में पारदर्शिता और शुचिता बनी रहे। उन्होंने सभी 11 परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीएम ने सभी केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम और निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम की अनिवार्य व्यवस्था करने, दीवार घड़ी लगाने और केंद्रों के आसपास अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि नकलविहीन परीक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने, अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई करने और परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ और जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने परीक्षा की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों में कुल 06 पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इसमें 25,920 परीक्षार्थी भाग लेंगे, जबकि प्रत्येक पाली में 4,320 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पहली पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा से 2 घंटे पहले शुरू होगा और आधे घंटे पहले बंद कर दिया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए, डीपीआरओ सहित सभी सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की सख्ती और पुख्ता इंतजामों को देखते हुए साफ है कि इस बार परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और कड़ाई के साथ संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। अब सभी की नजरें परीक्षा के सफल आयोजन पर टिकी हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment