महराजगंज:-भिटौली थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला निवासी धर्मवीर (35) पुत्र कन्हैयालाल बुधवार रात करीब 9:30 बजे अपनी बाइक से एक महिला और 10 वर्षीय किशोर आकाश (पुत्र नंदलाल) को लेकर भिटौली दवा कराने जा रहे थे। तभी परतावल की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार धर्मवीर और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मवीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं किशोर आकाश का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बाइक पर सवार महिला सुनीता को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में भिटौली थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment