महराजगंज:-परतावल ब्लॉक के धरमपुर चौराहा स्थित आरके अकेडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल में शुक्रवार को होली का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे अबीर और गुलाल से सराबोर नजर आया, जहां बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर होली के इस पावन पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। नन्हे विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को भी रंग लगाकर आशीर्वाद लिया तथा उनके चरण स्पर्श कर सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों को होली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व के बारे में बताते हुए सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रासायनिक रंगों से बचते हुए अबीर और गुलाल के साथ ही होली मनानी चाहिए, ताकि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रहें।
विद्यालय के प्रबंधक आर.के. साहनी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक उदय शंकर मौर्या, महेश कुमार, अरविंद कुमार पटेल, लाल साहब पटेल, गौरव मद्धेशिया, राहुल शर्मा, प्रवीण साहनी, कमलेश भारती, आस्था, प्रीती यादव, प्रतिभा श्रीवास्तव, नम्रता श्रीवास्तव, सोनाली जायसवाल, सुधा शर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
होली के इस रंगारंग आयोजन ने विद्यालय परिसर को उल्लास और उमंग से भर दिया, जहां बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment