⚡ ब्रेकिंग News

अज्ञात वाहन का कहर:-बाइक सवार की मौत, साथी जिंदगी-मौत से रहा जूझ ..



महराजगंज, 4 मार्च।जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 6 आजाद नगर कुर्मी टोला के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

 *तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर* 

जानकारी के अनुसार, HF डीलक्स (UP 56 AP 1725) मोटरसाइकिल से छोटू चौहान उर्फ जितेंद्र चौहान (35) पुत्र सुदर्शन चौहान एवं हीरा लाल (30) पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम लखिमा, थाना श्यामदेउरवा, लखिमा से धर्मौली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कुर्मी टोला परतावल के समीप पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी और दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

 *अस्पताल में तोड़ा दम* 

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद जितेंद्र चौहान उर्फ छोटू चौहान को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल हीरा लाल को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

 *परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़* 

मृतक जितेंद्र चौहान रोजाना शहर जाकर दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। उनके पुत्र पवन और पुत्री अंशु का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।

 *पुलिस जांच में जुटी* 

पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्ती की जरूरत को उजागर करता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि परतावल क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

        प्रभारी महराजगंज 

         कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...