महराजगंज- जिले के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा लक्ष्मीपुर के बाकी में चैत्र रामनवमी के अवसर पर लगे मेले में उस समय सनसनी फैल गई, जब दोस्तों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे मेला परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनबरसा गांव निवासी अजय यादव अपने दोस्तों के साथ रामनवमी मेले में घूमने और उत्सव का आनंद लेने पहुंचा था। मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ खानपान और मेल-जोल का माहौल था। लोग जगह-जगह बैठकर खाना बना रहे थे और पर्व का उल्लास मनाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि अजय यादव भी अपने दोस्तों के साथ बैठकर खाना बना रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले मामूली बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
इसी बीच अजय के साथ मौजूद एक युवक ने प्याज काटने के लिए लाए गए चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगते ही अजय यादव गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। घटना होते ही मेले में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हमले के बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घायल अजय को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं रामनवमी जैसे पावन पर्व पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment