⚡ ब्रेकिंग News

एन एच-730 पार कर स्कूल जाने को मजबूर नन्हें कदम: कोदईला प्राथमिक विद्यालय की बहाली की उठी मांग...



एन एच-730 पार कर स्कूल जाने को मजबूर नन्हें कदम: कोदईला प्राथमिक विद्यालय की बहाली की उठी मांग...



महराजगंज। जनपद के विकासखंड सदर अंतर्गत ग्राम पंचायत सिसवा के राजस्व गाँव कोदईला में शिक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। प्राथमिक विद्यालय कोदईला को प्राथमिक विद्यालय भिसवा से सम्बद्ध किए जाने के बाद से दर्जनों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि छोटे-छोटे बच्चों को लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय तक जाने के लिए व्यस्त NH-730 मार्ग पार करना पड़ता है, जो हर दिन खतरे से खाली नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार, सम्बद्धीकरण के बाद अधिकांश बच्चों ने स्कूल जाना ही छोड़ दिया है। केवल कुछ बड़े बच्चे ही किसी तरह प्राथमिक विद्यालय भिसवा पहुंच पा रहे हैं। छोटे बच्चों के अभिभावक उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर स्कूल भेजने से भयभीत हैं। एक सप्ताह पूर्व भिसवा से लौटते समय एक छात्र सड़क दुर्घटना का शिकार भी हो चुका है, जिससे अभिभावकों में दहशत और बढ़ गई है।


गौरतलब है कि प्राथमिक विद्यालय कोदईला में शासन से मिलने वाली सुविधाएं वर्तमान में भी उपलब्ध हैं। हाल ही में विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए बेंच और डेस्क भी भेजी गई हैं। इसके बावजूद शिक्षण कार्य बंद होने से संसाधन बेकार पड़े हैं और गांव के बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को खंड शिक्षा अधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय में पुनः शिक्षण कार्य शुरू कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। थक-हार कर अब ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी महोदय को पत्र सौंपकर विद्यालय की शिक्षण बहाली की गुहार लगाई है। पत्र की प्रतिलिपि माननीय मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को भी भेजी गई है।

अभिभावकों का स्पष्ट कहना है कि यदि समय रहते विद्यालय का शिक्षण कार्य पुनः बहाल नहीं किया गया तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से प्राथमिक विद्यालय कोदईला में शिक्षण कार्य बहाल करने की मांग की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन नन्हें बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा के अधिकार को प्राथमिकता देगा, या फिर कोई बड़ी घटना होने का इंतजार किया जाएगा?

        प्रभारी महराजगंज

          कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...