महराजगंज-शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नौतनवा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेवतरी स्थित सिविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक सहायक अध्यापक पर नियमित विद्यालय न आने का गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायत के बाद हुई जांच में आरोप सही साबित होता नजर आया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामला तब उजागर हुआ जब ग्राम पंचायत गनेशपुर टोला कोहड़वल निवासी अमित कुमार शुक्ला ने आइजीआरएस पोर्टल के माध्यम से बेसिक शिक्षा अधिकारी से लिखित शिकायत की। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक महेंद्र कुमार गुप्ता महीने में केवल दो-तीन दिन ही स्कूल आते हैं और बाकी समय अपने निजी व्यापार में व्यस्त रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर गंभीर असर पड़ रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नौतनवां खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार मिश्र को जांच अधिकारी नामित किया। निर्देश के बाद सोमवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक महेंद्र कुमार गुप्ता बिना किसी पूर्व सूचना या अवकाश के अनुपस्थित पाए गए। यह स्थिति शिकायत की पुष्टि करती नजर आई, जिससे विभागीय लापरवाही उजागर हो गई।
खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार मिश्र ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शिक्षक अनुपस्थित मिले हैं और इसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अब आगे की कार्रवाई उच्च स्तर पर की जाएगी।
इस मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह।

Post a Comment