संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP :-गयाजी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत रेलवे सुरक्षा बल अपराध गुप्तचर शाखा (CIB) और CPDS की संयुक्त टीम को गयाजी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। टीम ने भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22811) में छापेमारी कर 15.822 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹7,91,100 है। इस मामले में 26 वर्षीय एक महिला यात्री को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
सटीक सूचना पर प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर हुई कार्रवाई
निरीक्षक प्रभारी RPF गया व CIB गया के दिशा-निर्देशन और थानाध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में स०उ०नि० रणधीर कुमार, महिला सिपाही इसरत बानो व अन्य जवानों की टीम स्टेशन क्षेत्र में चौकसी बरत रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचते ही कोच A3 की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी महिला मीना कुमारी (निवासी- गोबरडीहा, थाना-खिजरसराय, गया) के पिट्ठू बैग और ट्रॉली बैग से 15 बंडलों में पैक 15.822 किग्रा गांजा बरामद किया गया।
ओडिशा से दिल्ली पहुंचाई जा रही थी अवैध खेप
सहायक सुरक्षा आयुक्त (RPF गया) की मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मी के समक्ष मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला ने कबूला कि वह गांजे की यह खेप जाजपुर क्योंझर रोड ओडिशा से दिल्ली ले जा रही थी।
मामले में स०उ०नि० रणधीर कुमार द्वारा एफआईआर दर्ज कर जब्त सामान व आरोपी महिला को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गयाजी के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर तस्करी नेटवर्क के अन्य तारों को खंगाल रही है।

Post a Comment