झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में बाबा गणिनाथ गोविंद के जयकारों से शनिवार को कांडी बाजार भक्तिमय हो उठा। सोनभद्र आदर्श इंटर महाविद्यालय परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा में मधेशिया हलवाई समाज के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शोभायात्रा बाजार की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए देवी मंदिर पहुंची। पूरे रास्ते बाबा गणिनाथ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
इससे पहले महाविद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और हवन किया गया। झंडोत्तोलन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के बाद निकली शोभायात्रा देवी मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के बाद इसका समापन हुआ। इसके बाद समाज के लोग समारोह स्थल लौटे।
मुख्य समारोह में बाबा गणिनाथ गोविंद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धापूर्वक जयंती मनाई गई। गढ़वा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 150 अतिथियों को अंगवस्त्र और बाबा गणिनाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने बाबा गणिनाथ गोविंद के जीवन और उनके सामाजिक विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और एकजुटता ही समाज की मजबूत नींव है। युवाओं को नशे से दूर रखने, बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई गई। समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर तक भावविभोर रहे। समारोह के समापन पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंच संचालन शिक्षक संदीप कुमार, रामलखन प्रसाद, अशोक प्रसाद एवं विजय कुमार ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष संजय प्रसाद, उपाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद, महामंत्री सन्नी कुमार, कोषाध्यक्ष अजय प्रसाद, उप कोषाध्यक्ष भोला प्रसाद, संरक्षक अशोक प्रसाद, राजेश प्रसाद, अरुण प्रसाद, राजाराम प्रसाद, मीडिया प्रभारी विजय कुमार, अमित प्रकाश, पुजारी हरिदास सहित समाज के अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment